Top News

करहां बाजार में मां दुर्गा को नम आंखों से दी गई विदाई

करहां बाजार में मां दुर्गा को नम आंखों से दी गई विदाई

बारिश में भी थमा नहीं भक्तों का उत्साह

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के करहां बाजार व क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम मां दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। जुलूस के दौरान भक्ति और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। जहां एक ओर भक्तों ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी, वहीं दूसरी ओर भीषण बारिश के बावजूद आस्था, विश्वास व उत्साह कम नहीं हुआ।

बारिश से सराबोर करहां बाजार में डीजे बाजे की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालु जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। जय माता दी के उद्घोष से पूरा बाजार गुंजायमान हो उठा। भक्तों का जोश ऐसा था कि मौसम की मार भी उनके उत्साह को कम नहीं कर सकी।

जुलूस के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आरती उतारी और फूल वर्षा कर भावभीनी विदाई दी। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह मंजर भले ही विदाई का था, लेकिन मां दुर्गा का आशीर्वाद हमेशा उनके जीवन में शक्ति और सुख-समृद्धि का संचार करता रहेगा। बारिश में भीगते हुए भक्तों की आस्था और ऊर्जा देखने योग्य रही। पूरा करहां बाजार मातृभक्ति और श्रद्धा का जीवंत प्रतीक बन गया।

इस अवसर पर विजयदास, विक्की वर्मा, रामनिवास, अजय प्रताप, चंदन सिंह, राजेश यादव, अनिल भारद्वाज, दीपक मद्धेशिया, अभिषेक यादव, अनिल चौरसिया आदि दर्जनों उत्साही नौजवान रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post