भदीड़ रामलीला संघ के मंच पर गूंजे जयकारे, एएसपी अनूप कुमार बने मुख्य आकर्षण
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के रामलीला संघ भदीड़ के रंगमंच पर परंपराओं और आस्था का अनूठा संगम तब देखने को मिला जब सीता स्वयंवर व परशुराम-लक्ष्मण संवाद जैसे ऐतिहासिक प्रसंगों का जीवंत मंचन हुआ। मंचन से पूर्व मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक मऊ अनूप कुमार ने फीता काटकर रामलीला का विधिवत शुभारंभ किया और प्रभु श्रीराम-लक्ष्मण की आरती उतारी।
उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना शीतला प्रसाद पांडेय और प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा मंच पर उपस्थित रहे। अधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ा दिया।
रामलीला के मंचन में जब भगवान श्रीराम ने शिवधनुष भंग कर सीता स्वयंवर संपन्न किया और परशुराम-लक्ष्मण संवाद का ओजस्वी दृश्य प्रस्तुत हुआ तो दर्शक जयघोष करते नहीं थके। वहीं, सीता विवाह प्रसंग के दौरान पूरा वातावरण भक्ति और उल्लास से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष कृपानारायण सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष विजेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष रामसिंह, एवं संचालनकर्ता जयनाथ सिंह सहित अभिषेक सिंह टिंकू, पुनीत सिंह बंटी, लालजी सिंह, पंपुल सिंह, शशि प्रताप डेविड, अशोक सिंह, ओमप्रकाश, राघवेंद्र प्रताप सिसोदिया समेत सभी सहयोगी गण मौजूद रहे।
रामलीला के इस मंचन को देखने के लिए क्षेत्र की सैकड़ों की संख्या में स्त्री-पुरुष दर्शक एकत्र हुए। जीवंत अभिनय और सशक्त संवादों ने न केवल श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया, बल्कि पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में गूंज उठा।


Post a Comment