छात्राओं ने सीखी आत्मरक्षा की तकनीकें, मिली हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत रानीपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय शमशाबाद में हुआ जागरुकता कार्यक्रम
करहां (मऊ) : महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चल रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत शुक्रवार को थाना रानीपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय शमशाबाद भाग-एक में एक विशेष जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा की तकनीकें सिखाई गईं और महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को समझाया कि किसी भी आपात स्थिति या असुरक्षा की भावना होने पर वे बिना संकोच तुरंत हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करें। आत्मरक्षा के व्यावहारिक प्रशिक्षण से बालिकाओं में आत्मविश्वास और सजगता का संचार देखा गया।
इस दौरान छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एम्बुलेंस सेवा 108, गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं हेतु सेवा 102 और अग्निशमन सेवा 101 की जानकारी भी दी गई।
साइबर सुरक्षा टीम ने छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना। छात्राओं को निडर रहकर अपनी सुरक्षा के लिए आगे आने और जरुरत पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला उपनिरीक्षक सुधा अग्रहरी, महिला कांस्टेबल शिवानी तिवारी व शालिनी तथा कांस्टेबल विकास सिंह और रणजीत यादव की सक्रिय भूमिका रही।


Post a Comment