माहपुर टीम ने भुसुवा को हराकर किया विजयी आगाज
बाल कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ, पहले ही मैच में दिखा रोमांच
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के माहपुर स्थित बाबा घनश्याम दास किसान प्राथमिक विद्यालय के मैदान पर रविवार को बाल कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान जगदीश चौहान ने फीता काटकर किया। उद्घाटन मुकाबले में माहपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भुसुवा को 7 अंकों के अंतर से पराजित किया और अगले दौर में जगह बनाई।
कुल 20 आमंत्रित टीमों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार भोर में खेला जाएगा। पहले ही मैच में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला, जिसमें दोनों टीमों के बीच अंकों की होड़ रही। अंततः माहपुर ने 21-14 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता की धमाकेदार शुरुआत की।
इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष उधम सिंह चौहान, महामंत्री अजय चौहान, अमीरुल्लाह खां, लखेंद्र चौहान, बदरे आलम, वीरेंद्र चौहान, अबूबकर, कमेंट्रेटर सुरेंद्र राना सहित सैकड़ों खेलप्रेमी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।


Post a Comment