कृषक संगोष्ठी में 110 किसानों को मिला मुफ्त बीज व बायो उत्पाद
करहां, मऊ। स्थानीय बाजार के गद्दोपुर मील पर बुधवार को दपेहड़ी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की ओर से कृषक संगोष्ठी एवं बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एनबीएआईएम कुशमौर के वैज्ञानिकों ने किसानों को प्रगतिशील एवं जैविक खेती के नवीन तरीकों से अवगत कराया तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के कुल 110 किसानों को गेहूं, चना, सरसों के बीज और बायो उत्पाद निःशुल्क प्रदान किए।
कार्यक्रम में एनबीएआईएम कुशमौर के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. हर्षवर्धन सिंह ने किसानों से आग्रह किया कि वे उन्नतिशील बीजों का प्रयोग सीमित व उचित मात्रा में करें। उन्होंने कहा कि अधिक मात्रा में बीज या रासायनिक खाद डालने से उत्पादन नहीं बढ़ता, बल्कि मिट्टी की उर्वरता घटती है। किसान अपने खेतों की दशा देखकर ही वैज्ञानिक पद्धति अपनाएं।
संस्थान के निदेशक आलोक कुमार श्रीवास्तव ने किसानों को बीज शोधन और भंडारण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि एक बार उन्नतिशील बीज से फसल लेकर उसकी जरूरत भर बीज को सुरक्षित रखकर किसान उसे 3-4 वर्षों तक उपयोग में ला सकते हैं। उन्होंने खेतों को समतल रखने, सीमित पानी से सिंचाई करने और दो सिंचाइयों के बीच पर्याप्त अंतर रखने की सलाह दी, ताकि पौधों को सांस लेने का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम का संचालन, स्वागत और आभार ज्ञापन एफपीओ के निदेशक चंद्रपाल चौहान ने किया। इस अवसर पर जागृति सेवा संस्थान के अजय शुक्ला, उद्यान ब्लॉक प्रभारी चंद्रभान, तथा क्षेत्र के सक्रिय किसान शिवमूरत सरोज, पानमती, जयश्री प्रसाद, संजय कुमार, सोहित सरोज, चंदन राव, विकास सरोज, कैलाश प्रसाद, मनोज कुमार, और श्रवण सरोज सहित दर्जनों कृषक उपस्थित रहे।






Post a Comment