Top News

बालकृष्ण भगवान की लीलाओं का मधुर वर्णन सुन भावविभोर हुए श्रोता

बालकृष्ण भगवान की लीलाओं का मधुर वर्णन सुन भावविभोर हुए श्रोता

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के करहां गांव स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर पर चल रहे श्रीविष्णु महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन बुधवार को कथाव्यास पंडित राकेश शुक्ल गर्गाचार्य महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की अद्भुत बाल लीलाओं का रसपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान की प्रत्येक लीला जीवों के कल्याण के लिए होती है, जिनमें करुणा, प्रेम और संदेश निहित रहता है।

इसके पहले मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य करहां व हरिपालजी स्मारक पीजी व फार्मेसी कॉलेज के चेयरमैन रविभूषण प्रताप सिंह, पूर्व महाप्रधान आशीष चौधरी, हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉक्टर उमेश सरोज व करहां भाजपा मंडल महामंत्री अंकित सरोज ने कथा मंच पर व्यासपीठ का पूजन कर कथावाचक गर्गाचार्य महाराज का स्वागत अभिनंदन किया।

कथाव्यास ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म के छठे दिन ही पूतना राक्षसी का उद्धार किया। पूतना जिसने विषपान करा भगवान को मारना चाहा, उसी को भगवान ने मोक्ष प्रदान किया। यह भगवान की असीम करुणा का परिचायक है। इसके बाद उन्होंने तृणावर्त का वध किया और गोकुलवासियों को भयमुक्त किया। माखन चोरी की लीला का वर्णन करते हुए पंडित शुक्ल ने कहा कि भगवान ने गोपियों का केवल माखन नहीं, उनके निर्मल मन को चुराया, क्योंकि प्रभु को निर्मल मन ही प्रिय होता है। धन और तन के ग्राहक बहुत हैं, परंतु भगवान केवल मन के पवित्र भावों के ग्रहणकर्ता हैं।

इस मौके पर आज के यजमान एवं व्यासपीठ पूजनकर्ता के रूप में अरुण चंद्रबाला तिवारी, मनोज आशा वर्मा, निलेश ज्योति वर्मा, कृष्णकांत अनीता वर्मा, अशोक रेखा जायसवाल, उदई सिंह, गोरख सिंह, चंद्रकांत तिवारी, रितिक सिंह, सुंदरम तिवारी ने विधिवत पूजन-अर्चन व हवन में भाग लिया। जहां यज्ञाचार्य लालमणि चौबे लालू बाबा, आचार्य विजय कुमार मिश्र, रविन्द्रनाथ उपाध्याय, अनूप तिवारी, शुभम मिश्र, नरेन्द्र दूबे आदि ने यज्ञ कर्म संपादित किया। वहीं शुशील दूबे, बंटी पांडेय व दिलीप पांडेय ने संगीतमय भजन में कथावाचक संग माहौल को संगीतमय व भक्तिमय बनाया।




Post a Comment

Previous Post Next Post