करहां परिक्षेत्र की आधा दर्जन सड़कें खस्ताहाल, मरम्मत की उठी मांग
किसान, व्यापारी, बुजुर्ग, महिलायें, मरीज व विद्यार्थियों को हो रही परेशानी
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना एवं रानीपुर ब्लाक से लगे करहां परिक्षेत्र की लगभग आधा दर्जन सड़के खस्ताहाल स्थिति में हैं। जिससे आवागमन बेहद प्रभावित हो रहा है। यहां आएदिन किसान, व्यापारी महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे व विद्यार्थी गिर कर चोटिल हो रहे हैं एवं उनके कपड़े खराब हो जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभागों से मांग की है कि उक्त सड़कों की मरम्मत जनहित में बेहद आवश्यक है।
बता दें कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद अनेक लिंक मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए थे। कुछ का निर्माण एवं मरम्मत कार्य किया गया, लेकिन कुछ सड़के अभी भी खस्ताहाल स्थिति में बनी हुई है। इसके अलावा कई ऐसी अनेक सड़के हैं, जो मानक के अनुरूप कार्य न होने के कारण समय से पहले ही जर्जर हो चुकी है।
करहां-पलिया मार्ग, शमशाबाद-दतौली होते हुए मंडूसरा-मठिया जाने वाला मार्ग, शमशाबाद भांटीकला अंडरपास मार्ग, टड़वा सौसरवां होते हुए घरोहिया मार्ग, सद्धोपुर बड़ी देवरिया मार्ग, देवसीपुर लक्ष्मीपुर मार्ग, गद्दोपुर घुटमा, करहां मार्ग, दरौरा नई बाज़ार मार्ग, भतड़ी गांव के अनेक मार्ग ऐसे हैं, जो बेहद जर्जर हो चुके हैं। यहां बरसात के समय में जल जमाव व कीचड़ हो जाता है जबकि सूखे मौसम में धूल-मिट्टी-गिट्टी एवं गड्ढों के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा जमुई करहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सड़क से दूरी मात्र 100 से 200 मीटर है, लेकिन इतनी दूर भी बरसात में जाना मुश्किल है। वाहन और एम्बुलेंस को कीचड़ में होकर मुख्य भवन या आवासीय भवन तक जाना पड़ेगा। अन्य मौसम में यहां रास्ते तक सरपत के झुंड उग आते हैं।
क्षेत्रवासी नागेंद्र सिंह, रवि सरोज, रामजीत यादव, देवंती देवी, धीरेंद्र खरवार, राजकुमार चौहान, चंद्रशेखर भारती, अविनाश सिंह, चंद्रकांत तिवारी, संतोष सिंह मिंटू, बालगोविंद यादव, वीरेंद्र राजभर आदि ने उक्त सड़कों की शीघ्रातिशीघ्र मरम्मत की मांग की है।












Post a Comment