पांच माह से भुगतान न मिलने पर आशा बहुओं की कलमबद्ध हड़ताल, सीएम को भेजा ज्ञापन
करहां (मऊ): पांच माह से मानदेय भुगतान न होने से नाराज आशा और आशा संगिनी कार्यकर्ताओं ने 01 नवंबर से अनिश्चितकालीन कलमबद्ध हड़ताल शुरू कर दी है। शनिवार को सैकड़ों की संख्या में आशा बहुएं और संगिनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना पर एकत्र होकर प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि मार्च से लेकर जुलाई से अक्टूबर तक के कार्यों का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। इस संबंध में कई बार अधीक्षक और जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आशा बहू कल्याण समिति की अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि बार-बार पत्राचार के बावजूद सिर्फ आश्वासन ही मिला, जबकि आशा बहुओं ने कोरोना काल से लेकर टीकाकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तक लगातार योगदान दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक बकाया भुगतान नहीं होता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
प्रदर्शन में उमा, गुड्डी, चंपा, मधुबाला, मीना, माला, रंभा, सरिता, सुनीता सहित सैकड़ों आशा बहुएं और आशा संगिनी शामिल रहीं। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. रामबदन ने बताया कि भुगतान स्थानीय स्तर से लंबित नहीं है। शासन द्वारा नया पोर्टल लागू किया गया है, जिस पर आशा बहुओं के कार्यों का विवरण अपलोड कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि “पोर्टल की तकनीकी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, भुगतान सीधे खातों में होगा। उम्मीद है कि शीघ्र ही समस्या का समाधान हो जाएगा।”


Post a Comment