सहभागी भाषा मेला के साथ भारतीय भाषा उत्सव का हुआ समापन
•प्राथमिक विद्यालय मालव की बच्चियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों से बांधा शमां
•एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के प्राथमिक विद्यालय मालव में गुरुवार को भारतीय भाषा उत्सव के अंतिम दिन सहभागी भाषा मेला और भाषा रंगमंच की अद्भुत प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए जनपद के एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरुप स्थानीय एवं भारतीय भाषाओं को प्रोत्साहित करने हेतु शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा भारतीय भाषा उत्सव-2025 का सात दिवसीय आयोजन विभिन्न विद्यालयों में किया गया। बताया कि भारतीय भाषा उत्सव का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में भारतीय भाषाओं एवं साहित्य के प्रति गहरा लगाव विकसित करना तथा बहुभाषावाद को बढ़ावा देना है, ताकि सांस्कृतिक सहानुभूति के जरिए राष्ट्रीय एकीकरण को सुदृढ़ किया जा सके।
इसके तहत मालव के छात्रों ने भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में सम्मिलित विभिन्न भाषाओं में प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को आत्मसात करते हुए भाषाई विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित प्रस्तुति में विशेष रुप से विद्यालय की बच्चियों ने मंच पर शानदार और मनमोहक प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना पाई।
एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने उत्साहवर्धन स्वरुप सभी बच्चियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में राम किशोर राम, उमेश भारती, रामकेर राम, मनोज कुमार, विजेंद्र प्रसाद, छट्ठू प्रसाद गुप्ता, सुलमती चौहान सहित बड़ी संख्या में अभिभावक सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


Post a Comment