यश कुमार ने जीता राष्ट्रीय रोविंग स्पर्धा का रजत पदक
•भोपाल में आयोजित हुई 45वीं जूनियर नेशनल रोविंग चैंपियनशिप
•यश कुमार यादव ने करण, अरमान व नितिन संग मिल झटका सिल्वर मेडल
करहां (मऊ) : पूर्वांचल के छोटे से गांव से निकलकर यश कुमार यादव ने कम उम्र में रोविंग जैसी खेल स्पर्धाओं में अपने गांव-क्षेत्र, जिले व देश-प्रदेश का नाम रौशन किया है। करहां परिक्षेत्र के चकौधी-सुहवल के मूल निवासी 15 वर्षीय यश कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित आठवीं अंतर राज्यीय चैलेंजर एवं 45वीं जूनियर राष्ट्रीय रोविंग स्पर्धा में अपने साथियों संग शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता है। उनकी इस सफकता पर गांव-क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और लोग विभिन्न तरीके से बधाईयां देने में लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार यह प्रतियोगिता अप्पर लेक भोपाल मध्य प्रदेश में 26 से 30 नवंबर तक आयोजित हुई थी, जिसमें देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 30 नवंबर को हुए जेएम-चार इवेंट के फाइनल में यश कुमार यादव सहित करण सहरान, अरमान लोहान व नितिन सेरावत की टीम ने बेहतरीन तालमेल के साथ मजबूत प्रदर्शन किया। यश कुमार व उनकी टीम ने प्रतिस्पर्धा में दूसरा सबसे कम समय निकालकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पहला स्थान आर्मी की बीएससी बायो स्पोर्ट्स व तीसरा स्थान एमपीआर की टीम को प्राप्त हुआ।
इस उपलब्धि के बाद गांव एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्राम-क्षेत्र वासियों तथा खेल प्रेमियों ने यश कुमार यादव की सफलता को मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम बताया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर यादव, रविभूषण प्रताप सिंह व आशीष चौधरी, पूर्व ग्राम प्रधान रणधीर यादव व पप्पू सिंह, वर्तमान प्रधान मयंक सिंह सहित सुनील सिंह, काजूलाल चौहान, दिनेश यादव, इंद्रराज यादव आदि ने उनकी शिक्षिका माता सीमा यादव, फौजी पिता विजय कुमार यादव व उनके भाई प्रमोद यादव को उनके पुत्र व अनुज की सफलता पर बधाई दी है। साथ ही आशा व्यक्त की है कि भविष्य में वे अन्य बड़ी स्पर्धा जीतकर देश का नाम रौशन करेंगे।



Post a Comment