मैजिक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, केस दर्ज
करहां, रानीपुर (मऊ) : रानीपुर थाना क्षेत्र के मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही मैजिक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा 29 दिसंबर की दोपहर करीब दो बजे नगपुर के पास हुआ। इसमें मृतक के भतीजे ने मंगलवार को मैजिक चालक के विरुद्ध तहरीर देकर आवश्कय कार्यवाही की गुहार लगाई है। पुलिस केस दर्ज कर जांच-पड़ताल में जुट गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के ग्राम जमीन सरोदा निवासी सूर्यनाथ पुत्र स्व. मनई राम मुहम्मदाबाद गोहना से अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक मैजिक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से सूर्यनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही बेहोश हो गए। घटना के बाद मैजिक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर, फिर जिला अस्पताल मऊ और बाद में बीएचयू ट्रामा सेंटर के लिए रेफर किया गया। बीएचयू ले जाते समय रास्ते में ही सूर्यनाथ की मौत हो गई। मृतक के भतीजे अजय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।


Post a Comment