वीर बाल दिवस पर विद्यालयों में गूंजा साहिबज़ादों का शौर्य
करहां (मऊ) : भारत सरकार द्वारा वर्ष 2022 में की गई घोषणा के अनुरूप प्रत्येक वर्ष 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य देश के बच्चों और युवाओं को गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबज़ादों साहिबज़ादा जोरावर सिंह और साहिबज़ादा फतेह सिंह के अद्वितीय बलिदान से परिचित कराना है, जिन्होंने 26 दिसंबर 1705 को 6 और 9 वर्ष की अल्पायु में धर्म, आस्था और सत्य की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं राज्य परियोजना कार्यालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद के विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में 26 दिसंबर को कम्पोजिट विद्यालय टंडवा चौबेपुर में वीर बाल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने वीरता से ओतप्रोत गीत, भाषण, निबंध लेखन एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर जनपद के एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने वीर बाल दिवस के इतिहास और साहिबज़ादों के बलिदान पर प्रकाश डाला। विद्यालय के अध्यापक व करहां न्याय पंचायत के नोडल शिक्षक संकुल संतोष कुमार सिंह तथा सदफ यास्मीन ने बच्चों को संबोधित करते हुए साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया।





Post a Comment