Top News

कूड़े में लगी आग के धुंए से दो ट्रक आमने-सामने भिड़े

कूड़े में लगी आग के धुंए से दो ट्रक आमने-सामने भिड़े, लगा जाम

नदवासराय/करहां (मऊ): मुहम्मदाबाद गोहना से घोसी-कोपागंज मार्ग पर अतरारी चुंगी के आगे नगर पंचायतों द्वारा सड़क के दोनों ओर डंप किए जा रहे कूड़े और उसमें लगाई गई आग व कोहरे ने शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे को जन्म दे दिया। कूड़े में लगी आग से उठे घने धुएं के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे दो भारी ट्रक आमने-सामने टकरा गए और मार्ग पर लंबा जाम लग गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुहम्मदाबाद गोहना से घोसी की तरफ गिट्टी लादकर जा रहा ट्रक संख्या यूपी67 टी9949 गहरे धुंए के बीच आगे बढ़ रहा था, जबकि दूसरी ओर से गोला से मुहम्मदाबाद गोहना की तरफ आ रही बालू लदी ट्रक घने धुएं की वजह से गलत दिशा में चला गया। धुएं के कारण चालको को सड़क स्पष्ट नहीं दिखाई दी जिससे दोनों ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बालू लदी ट्रक की नंबर प्लेट क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि चालकों को सिर्फ मामूली चोटें आई हैं और वे हादसे के कारण सहमे हुए हैं। 

हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बड़ी गाड़ियों के फंस जाने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जबकि छोटी गाड़ियों को वैकल्पिक मार्ग से नदी के बंधा रोड से होकर निकलने लगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा लंबे समय से इस स्थान पर कूड़ा डंप किया जा रहा है, जिसमें अक्सर आग लगा दी जाती है। इससे उठने वाला धुआं आए दिन राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन रहा है। लोगों ने प्रशासन से कूड़ा डंपिंग और उसमें आग लगाने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ट्रकों को जेसीबी के माध्यम से हटवाकर आवागमन बहाल कराने में जुट गई।



Post a Comment

Previous Post Next Post