विक्की वर्मा की पहल से करहां गांव ने ली स्वच्छता की नई साँस
जहाँ गंदगी थी, वहाँ उम्मीद ने बनाया घर
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के करहां गांव में आतागंज ईदगाह और वालीबाल मैदान के पास स्थित पोखरी के किनारे वर्षों से जमा कूड़े-कचरे का अंबार गांव की फिज़ा को बोझिल बनाए हुए था। दुर्गंध हवा में घुली थी, मच्छरों का शोर था और बीमारी का डर हर चौखट पर खड़ा था। मगर कहते हैं न जब कोई दर्द को अपना समझ ले, तो तस्वीर बदलने में देर नहीं लगती।
इसी एहसास को कर्म में ढालते हुए जिला पंचायत वार्ड संख्या-26 के प्रत्याशी एवं समाजसेवी विक्की वर्मा ने अपने निजी खर्च से सफाई अभियान का बीड़ा उठाया। जेसीबी और डंफर की गूंज के साथ करीब पांच घंटे तक चले इस अभियान में वर्षों पुरानी गंदगी मिट्टी में मिल गई। फिर ट्रैक्टर-ट्राली से मिट्टी डलवाकर उस जगह को समतल किया गया, जहाँ कल तक बदहाली थी और आज सुकून पसरा है।
सफाई के बाद गांव की हवा बदली, माहौल बदला और लोगों के चेहरों पर राहत की मुस्कान खिल उठी। जहाँ पहले नाक सिकुड़ती थी, वहाँ अब निगाहें ठहरने लगीं। मुहल्लेवासियों ने इस पहल को केवल सफाई नहीं, बल्कि संवेदनशील सोच का आईना बताया। उनका कहना था कि- जो हाथ गंदगी हटाते हैं, वही समाज की तक़दीर संवारते हैं। ग्रामीणों ने एक स्वर में विक्की वर्मा के प्रयासों की सराहना की और विश्वास जताया कि यदि जनप्रतिनिधि ऐसे ही संवेदना और संकल्प के साथ आगे आएँ, तो गांव ही नहीं, पूरे समाज की तस्वीर बदल सकती है।





Post a Comment