Top News

नन्हे क़दम, ऊँची सोच वाले बच्चों की आवाज़ बनी जन-जागरण की मिशाल

नन्हे क़दम, ऊँची सोच वाले बच्चों की आवाज़ बनी जन-जागरण की मिशाल

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अंतर्गत दरौरा स्थित जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रांगण से शनिवार को जब नन्हे क़दम सड़कों पर उतरे, तो केवल रैली नहीं निकली, बल्कि जागरूकता की एक उजली लकीर बस्तियों-बस्तियों खिंच गई। विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण एसआईआर एवं फार्मर रजिस्ट्री अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों ने जन-जागरूकता रैली निकालकर लोकतंत्र की धड़कन और किसान हित की आवाज़ को जन-जन तक पहुँचाया। यह रैली दरौरा, राजर्षि नगर, गद्दोपुर, माहपुर, करहां व रसूलपुर से होती हुई पुनः विद्यालय में संपन्न हुई।

हाथों में स्लोगन की तख्तियां, होंठों पर विश्वास भरे नारे बीएलओ से संपर्क करें, लोकतंत्र के प्रहरी बनें.. फार्मर रजिस्ट्री जरूर कराएं, 6 फरवरी अंतिम तिथि.. के नारों के संग बच्चों ने मतदाताओं, किसानों और आम नागरिकों को जागरूक किया। उन्होंने लोगों से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से सरकारी लाभों को मजबूत करने का संदेश दिया।

विद्यालय के प्रबंधक एवं सेवानिवृत्त उप कृषि निदेशक हरिनारायन सिंह ने कहा कि जागरूक नागरिक ही सशक्त लोकतंत्र और समृद्ध कृषि व्यवस्था की नींव रखते हैं। प्रधानाचार्य मनोज पांडेय ने विद्यार्थियों की सहभागिता को सामाजिक उत्तरदायित्व की जीवंत मिसाल बताया। इस जन-जागरण की यात्रा में विजेंद्र सिंह, सरिता सिंह, अशोक दूबे, वैष्णवी पांडेय, देवदत्त, संतोष चौहान, अजय कुमार, शिवनाथ यादव, विशाल कुमार पुन्नू, शिया सिंगगसहित शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे। यहाँ शिक्षा ने शब्द पाए और चेतना ने राह।



Post a Comment

Previous Post Next Post