सावधानी और उपचार से ही संभव है बचाव : डा. संतोष यादव
क्षय व टीबी दिवस पर जागरुकता विशेष
करहां (मऊ) : विश्व क्षय रोग दिवस एवं राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना के वरिष्ठ चिकित्सक डाक्टर संतोष कुमार यादव ने लोगों को क्षय व टीबी रोग के प्रति जागरुक किया। उन्होंने बताया कि क्षय रोग एक संक्रामक बीमारी है, जो मुख्यतः फेफड़ों को प्रभावित करती है। इसके प्रमुख लक्षणों में लगातार दो सप्ताह से अधिक खांसी, बलगम में खून आना, वजन कम होना, बुखार और रात में पसीना आना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराना बेहद जरुरी है।
डाक्टर यादव ने कहा कि टीबी से बचाव के लिए खांसते-छींकते समय मुंह ढंकना, साफ-सफाई का ध्यान रखना, पोषक आहार लेना और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतना आवश्यक है। साथ ही मरीजों को दवा का पूरा कोर्स नियमित रुप से लेना चाहिए, बीच में इलाज छोड़ना खतरनाक हो सकता है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा टीबी की जांच और उपचार की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बीमारी को छिपाने के बजाय समय पर इलाज कराएं और समाज में जागरुकता फैलाएं, तभी टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।


Post a Comment