उद्यमिता व डिजिटल प्रबंधन सीख आगे बढ़े किसान : दिव्या पांडेय
करहां (मऊ) : रसूलपुर करहां स्थित रविदास मंदिर सभागृह में चल रहे पांच दिवसीय कृषक उद्यमिता व डिजिटल प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन मंगलवार को प्रतिभागियों को व्यवसाय प्रबंधन और उद्यमिता से जुड़ी अहम जानकारियां दी गईं। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को बताया गया कि एक सफल उद्यमी बनने के लिए सबसे पहले अपनी ताकत और कमजोरियों की सही पहचान करना जरुरी है, जिससे बेहतर निर्णय लिए जा सकें।
प्रशिक्षक जागृति उद्यम केंद्र की दिव्या पांडेय एवं संज्ञा यादव ने प्रतिभागियों को किसी भी बिजनेस आइडिया पर शोध के आवश्यक बिंदुओं की जानकारी देते हुए बताया कि मजबूत बिजनेस प्लान किसी भी उद्यम की सफलता की आधारशिला होता है। उन्होंने मार्केटिंग योजना के महत्वपूर्ण तत्वों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उत्पाद की सही पहचान, लक्ष्य बाजार तय करने और ग्राहकों तक पहुंच बनाने के प्रभावी तरीकों को समझाया। इसके अलावा उद्यम शुरु करने के लिए वित्तीय प्रबंधन, लागत का सही अनुमान लगाने और स्टार्ट-अप पूंजी का आकलन करने की प्रक्रिया भी विस्तार से बताई गई। प्रशिक्षकों ने कहा कि सही योजना और प्रबंधन से छोटे स्तर पर भी शुरु किया गया व्यवसाय आगे चलकर बड़ी सफलता हासिल कर सकता है।
शिविर का आयोजन दपेहड़ी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के चेयरमैन चंद्रपाल चौहान के निर्देशन में किया जा रहा है। इस अवसर पर भीष्म सिंह, जयश्री प्रसाद, संजय कुमार, चंदन राव, सोहित सरोज, विकास कुमार, विशाल शर्मा, संगीता देवी, मंजू, प्रिया आदि किसान उपस्थित थी और प्रशिक्षण को अपने भविष्य के लिए उपयोगी बताते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Post a Comment