अनिच्छित हत्या के मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार, पुलिस ने एक्सप्रेसवे के पास दबोचा
करहां (मऊ) : रानीपुर थाना पुलिस ने अनिच्छित हत्या के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के इटौरा अंडरपास के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान आनंद चौहान 20 वर्ष, योगेश चौहान, 21 वर्ष तथा अंकित चौहान 22 वर्ष निवासी बस्ती, थाना रानीपुर, जनपद मऊ के रुप में हुई है। प्रेस कांफ्रेंस में पुलिस द्वारा बताया गया कि 10 मई 2026 की रात खिरिया ग्राम निवासी पंकज कुमार के साथ विवाद और मारपीट हुई थी। इस दौरान पंकज कुमार गंभीर रुप से घायल हो गए थे और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मामले में नामजद आरोपी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के इटौरा अंडरपास के पास मौजूद हैं और बाहर भागने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही तीनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि विवाद के दौरान हुई मारपीट में पंकज कुमार घायल हो गए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Post a Comment