कुलदेवी चिलाय माता मंदिर निर्माण हेतु हुआ भूमिपूजन
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के सद्धोपुर गांव में गुरुवार को तोमर वंशीय बेरुवार बिरादरी की कुलदेवी चिलाय माता मंदिर निर्माण हेतु विधि-विधान के साथ भूमिपूजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्य घरभरन पांडेय ने पूजा-अर्चना कराई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
सद्धोपुर निवासी एवं भारतीय स्टेट बैंक रांची के सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक ओमप्रकाश सिंह ने मंदिर निर्माण के लिए भूमि समर्पित की। उन्होंने बताया कि माता चिलाय की प्रतिमा राजस्थान में तैयार कराई जा रही है तथा जल्द ही मंदिर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मंदिर मऊ, आजमगढ़ और बलिया जनपद के तोमर समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में रविंद्र सिंह, सुशील सिंह, अरविंद गुप्ता, राम कुंवर सिंह, ओंकार सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, संजीव सिंह, देवेंद्र सिंह, रामप्रकाश सिंह, जनार्दन सिंह एवं धर्मेंद्र सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि कुलदेवी चिलाय माता समाज की रक्षा, सुख-समृद्धि और एकता की प्रतीक मानी जाती हैं। मान्यता है कि संकट के समय माता ने सफेद चील का रूप धारण कर तंवर वंश की रक्षा की थी, तभी से उन्हें चिलाय माता के नाम से पूजा जाता है।


Post a Comment