सद्धोपुर की बेटी संस्कृति ने लिखी सफलता की नई इबारत
करहां (मऊ) : गांव की पगडंडियों से निकलकर सपनों की उड़ान जब आसमान छूती है, तब सिर्फ एक परिवार नहीं बल्कि पूरा क्षेत्र गौरव से भर उठता है। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के सद्धोपुर गांव की बेटी संस्कृति सिंह ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। उसकी इस उपलब्धि ने गांव की फिजाओं में खुशी घोल दी है और हर जुबान पर उसकी मेहनत और लगन की चर्चा है।
आजमगढ़ जनपद के जाफरपुर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल की छात्रा संस्कृति सिंह अमर उजाला के पत्रकार कंचन सिंह एवं रानी सिंह की पुत्री हैं। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही घर में बधाई देने वालों का तांता लग गया। रिश्तेदार, शुभचिंतक और ग्रामीण मिठाइयों के साथ पहुंचकर बेटी की सफलता पर प्रसन्नता जताने लगे। संस्कृति ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय के शिक्षकों को दिया। उसने कहा कि नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उसे यह मुकाम दिलाया। उसके शब्दों में आत्मविश्वास की वह चमक साफ दिखाई दी, जो हर कठिन राह को आसान बना देती है।
मां रानी सिंह ने बताया कि संस्कृति बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही है, जबकि पिता कंचन सिंह ने कहा कि बच्चों को सही माहौल और प्रोत्साहन मिले तो वे हर लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। संस्कृति सिंह की इस उपलब्धि ने सद्धोपुर गांव को नई पहचान दी है। ग्रामीणों का कहना है कि बेटियां अब हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और संस्कृति की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी।

Post a Comment