इलाज के दौरान युवक की मौत से गांव में तनाव, परिजनों ने लगाया पीटकर हत्या का आरोप, कई थानों की फोर्स तैनात
करहां (मऊ) : रानीपुर थाना क्षेत्र के खिरिया गांव में एक युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों ने युवक के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खिरिया गांव निवासी पंकज कुमार पुत्र बेचन राम रविवार की रात करीब 10 बजे ईंट भट्ठे के पास अचेत हालत में मिले थे। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। सूचना मिलने पर परिवार के लोग उन्हें घर ले आए। सोमवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। इसके बाद मऊ के निजी अस्पताल में उपचार कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर रानीपुर, चिरैयाकोट और मुहम्मदाबाद गोहना समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




Post a Comment