युवक पर जानलेवा हमला, छह अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के अरैला गांव निवासी रणधीर कन्नौजिया पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मंगलवार को केस दर्ज किया है। दर्ज मुकदमें के आधार पर पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।
पीड़ित की पत्नी शीला ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि रणधीर सोमवार को बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मऊ-मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग पर मढैया चट्टी और शेखअहमदपुर के बीच पहले से घात लगाए छह लोगों ने उनकी बाइक रोक ली और राड व लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। घायल रणधीर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
×××××××××××××××××××××××××××××××××××××
महिलाओं का वीडियो बनाने के विरोध पर मारपीट, चार पर केस
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के पडेरुआ गांव निवासी सुभाष राम की तहरीर पर पुलिस ने मुबारकपुर थाना क्षेत्र के टोडरपुर निवासी नायाब राजभर, दीपक, आकाश तथा एक अज्ञात के खिलाफ मंगलवार को मारपीट और दलित उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच व छानबीन में लग गई है।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपित गांव की महिलाओं के शौच के लिए जाने के दौरान उनका वीडियो बनाते और अश्लील टिप्पणियां करते थे। विरोध करने पर नौ मई को आरोपितों ने घर पहुंचकर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। घटना में सुभाष के पुत्र किशन चंद को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीच-बचाव करने पहुंचे ईश्वरचंद और विवेक को भी आरोपितों ने पीटा तथा जान से मारने की धमकी दी।
-------------------------------------–-----------------------------
दो किशोरियों के लापता होने पर छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के महरुपुर डंगौली गांव से दो किशोरियों के लापता होने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में लग गई है।
किशोरियों के पिता का आरोप है कि गांव निवासी सतीश ने आशीष, नखडू, सुमन, विक्की और प्रेमशीला की मदद से उनकी दोनों बेटियों को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। उन्होंने पुलिस से आवश्यक कार्यवाही की गुहार लगाई है।
--------------------------------------------------–---------------
चाकू से हमला करने के आरोप में नौ लोगों पर केस दर्ज
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर गांव में चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने मंगकलवार को नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिसवआरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
गांव निवासी हरिनाथ विश्वकर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 मई की रात करीब आठ बजे गांव के ही पतिराम, रमेश, प्रेमा, जयहिंद, अंगद, अजय, अभय, छट्ठू और डिमडिम ने उनकी बाइक गिरा दी। विरोध करने पर आरोपितों ने चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सतीश, राज, युवराज और आनंद भी मारपीट में घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

Post a Comment