Top News

तोमर वंशीय कुलदेवी चिलाय माता मंदिर हेतु हुआ भूमिपूजन

तोमर वंशीय कुलदेवी चिलाय माता मंदिर हेतु हुआ भूमिपूजन

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के सद्धोपुर गांव में गुरुवार को तोमर वंशीय बेरुवार बिरादरी की कुलदेवी चिलाय माता मंदिर निर्माण के लिए विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्य घरभरन पांडेय ने पूजा-अर्चना कराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु शामिल हुए।

बताया जाता है कि करहां क्षेत्र में तंवर अर्थात तोमर राजपूत समाज के लगभग 42 गांव हैं, लेकिन अब तक कुलदेवी का कोई प्रमुख मंदिर नहीं था। वर्षों की पहल के बाद सद्धोपुर निवासी तथा भारतीय स्टेट बैंक रांची के सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक ओमप्रकाश सिंह ने मंदिर निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराई। उन्होंने बताया कि माता चिलाय की प्रतिमा राजस्थान में तैयार कराई जा रही है और जल्द ही मंदिर निर्माण कार्य शुरु होगा। उन्होंने कहा कि यह मंदिर मऊ ही नहीं बल्कि आजमगढ़ और बलिया जनपद के तोमर राजपूत समाज की आस्था का केंद्र बनेगा। कहा कि आजमगढ़ के धनछुला क्षेत्र तथा बलिया के मनियर समेत कई गांवों में इस वंश के लोग निवास करते हैं, लेकिन अभी तक कुलदेवी का भव्य मंदिर स्थापित नहीं था। समाज के सहयोग से मंदिर को भव्य स्वरुप दिया जाएगा।

वक्ताओं ने कहा कि कुलदेवी चिलाय माता को समाज की रक्षा, सुख-समृद्धि और उन्नति की प्रतीक माना जाता है। मान्यता के अनुसार माता ने संकट के समय सफेद चील का रुप धारण कर तंवर वंश की रक्षा की थी, जिसके बाद वह चिलाय माता के नाम से पूजी जाने लगीं। हरियाणा के रेवाड़ी स्थित मायन बलवाड़ी धाम और राजस्थान के खुडाना शक्ति पीठ को माता का प्रमुख धार्मिक स्थल माना जाता है। कार्यक्रम में रविंद्र सिंह, सुशील सिंह, अरविंद गुप्ता, राम कुंवर सिंह, ओंकार सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, संजीव सिंह, देवेंद्र सिंह, रामप्रकाश सिंह, जनार्दन सिंह, धर्मेंद्र सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post