Top News

आंधी-पानी के कहर से पेड़, खंभे और तार गिरे, कई जगहों पर उड़े टिनशेड

आंधी-पानी के कहर से पेड़, खंभे और तार गिरे, कई जगहों पर उड़े टिनशेड

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 11 बजे आए तेज आंधी-पानी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़, बिजली के खंभे और तार गिर गए, जबकि दुकानों और मकानों के टिनशेड उड़ गए। कई लकड़ी की गुमटियां क्षतिग्रस्त हो गईं और विभिन्न प्रतिष्ठानों के बोर्ड तथा होर्डिंग भी धराशायी हो गए।

जमुई-करहां 33/11 विद्युत उपकेंद्र से जुड़े नगपुर और शमशाबाद गांवों में बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। करहां बाजार में शराबखाने के सामने पेड़ की डाल टूटकर बिजली के तार पर गिर गई, जिससे बाजार और आसपास के गांवों में पूरी रात बिजली गुल रही। इसी दौरान व्यवसायी अनिल भारद्वाज के मिष्ठान भंडार का टिनशेड तेज हवा में उड़ गया।

घुटमा मोड़ और माहपुर में कई लकड़ी की गुमटियां टिनशेड समेत गिरकर क्षतिग्रस्त हो गईं। तिलसवां से देवरिया खुर्द तक जहानागंज फीडर की बिजली आपूर्ति रात से लेकर बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे तक ठप रही। माहपुर हरिजन बस्ती में आशीष कुमार के मकान का टिनशेड पूरी तरह उड़ जाने से परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अशोक कुमार के घर के सामने विशाल पाकड़ का पेड़ गिर गया, हालांकि परिवार सुरक्षित बच गया। करहां बाजार में इम्तेयाज अहमद के प्रतिष्ठान का टिनशेड और विद्युत केबल भी क्षतिग्रस्त हो गए। यूनियन बैंक के सामने खड़ा नीम का पेड़ गिरने से बैंक का इलेक्ट्रॉनिक साइन बोर्ड टूट गया।

दरौरा गांव की राजपूत बस्ती में एक आंवले का पेड़ जड़ समेत उखड़ गया, जबकि नगपुर गांव में लकड़ी का बिजली खंभा तार सहित टेढ़ा हो गया। बिजली विभाग के कर्मचारी क्षतिग्रस्त तारों और खंभों को दुरुस्त कर जहां शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल करने में सफल रहे, वहीं ग्रामीण और व्यापारी भी गिरे पेड़ों, टूटे टिनशेड और क्षतिग्रस्त गुमटियों को हटाने में लगे रहे।








Post a Comment

Previous Post Next Post