अनियंत्रित कार बिजली के पोल से भिड़ी, बड़ा हादसा टला
करहां (मऊ) : रानीपुर थाना क्षेत्र के शमशाबाद याकूबपुर अण्डरपास मोड़ के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के समीप सर्विस रोड पर चल रही कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में कार सवार चालक, एक महिला और किशोरी सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज गति से सरया पडेरुवा गांव की ओर से आ रही थी। मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे कार सीधे पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार पोल से नहीं टकराती तो वह सड़क किनारे करीब 15 फीट गहरी खाई में जा गिरती, जिससे गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल न होने से लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।


Post a Comment