आबादी के बीच बने गोदाम पर प्रशासन सख्त, 24 घंटे में हटाने के निर्देश
फायर सेफ्टी अभियान में एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों को नोटिस
करहां (मऊ) : अग्निकांड की हालिया घटनाओं के मद्देनजर प्रशासन ने मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे में अग्निशमन सुरक्षा मानकों की जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री और मुख्य अग्निशमन अधिकारी के. वर्मा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने विभिन्न सार्वजनिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान फायर सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान टीम स्टेशन रोड स्थित खान ट्रेडर्स के गोदाम पहुंची। जांच में पाया गया कि गोदाम आबादी के बीच संचालित हो रहा है तथा वहां आवश्यक अग्निशमन सुरक्षा प्रबंध भी मानकों के अनुरुप नहीं हैं। इस पर प्रशासन ने गोदाम को सील करने की कार्रवाई शुरु की। हालांकि संचालक सैयाम खान के अनुरोध पर प्रशासन ने 24 घंटे की मोहलत देते हुए गोदाम का पूरा सामान हटाकर आबादी से बाहर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में आदेश का पालन नहीं होने पर गोदाम को सील कर दिया जाएगा।
इसके बाद प्रशासनिक टीम ने आर.ए.एफ. मल्टी स्पेशलिटी हास्पिटल, प्रेमा मल्टी स्पेशलिटी हास्पिटल, प्रेमा नेत्र चिकित्सालय और किंग पैलेस सहित अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। यहां अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर अधिकारियों ने संतोष जताया। उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने बताया कि फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी करने वाले सभी प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। एक सप्ताह बाद दोबारा विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। यदि तब भी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं मिले तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment