एनसीसी शिविर में कैडेट्स ने सीखे अग्निशमन और आपदा प्रबंधन के गुर
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के बरामदपुर स्थित पब्लिक बालिका इंटर कालेज में चल रहे 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स प्रशिक्षण शिविर में बुधवार को अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान आग लगने जैसी आपात परिस्थितियों में बचाव के उपाय, अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित संचालन और आग पर काबू पाने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
द्वितीय अग्निशमन अधिकारी सुनील यादव (प्रभारी मऊ व मधुबन) तथा फायरमैन पंकज खरवार ने करीब 500 एनसीसी कैडेट्स को आपदा के समय सतर्कता, प्राथमिक बचाव और फायर फाइटिंग की आवश्यक जानकारी देते हुए मौके पर अभ्यास भी कराया। शिविर में कैडेटों को प्रतिदिन शारीरिक प्रशिक्षण, परेड, नेतृत्व विकास, सेवा भावना, प्राथमिक उपचार, मानचित्र अध्ययन तथा अन्य सैन्य एवं सामाजिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करना है।
शिविर का संचालन कर्नल अमिताभ मुकर्जी के निर्देशन में किया जा रहा है। कैंप सुबेदार मेजर अनिल जोशी, प्रशिक्षक सूबेदार हरेराम सिंह, बटालियन हवलदार मेजर केशव कुमार, हवलदार रणवीर सिंह एवं कुलविंदर सिंह सहित प्रशिक्षक दल कैडेटों को नियमित रुप से प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। 27 जून से शुरु हुआ यह शिविर 6 जुलाई तक चलेगा।




Post a Comment