Top News

भाषा शिक्षण को प्रभावी बनाने पर प्रशिक्षण में हुआ मंथन

भाषा शिक्षण को प्रभावी बनाने पर प्रशिक्षण में हुआ मंथन

करहां (मऊ) : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आधारभूत साक्षरता, संख्याज्ञान तथा राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की पाठ्य पुस्तकों पर आधारित प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस का संचालन शुक्रवार को सफलतापूर्वक किया गया। प्रशिक्षण सात सत्रों में आयोजित हुआ, जिसमें भाषा शिक्षण के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशिक्षण के दौरान भाषा शिक्षण का परिचय, शिक्षक संदर्शिका का उन्मुखीकरण, भाषा शिक्षण में खुले छोर वाले प्रश्नों का महत्व, पठन का वास्तविक अर्थ, साप्ताहिक आकलन एवं उपचारात्मक शिक्षण, अभिव्यक्ति के लिए लेखन तथा भाषा के सारांश जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बच्चों में पठन, लेखन, समझ एवं अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने के लिए प्रभावी और बाल-केंद्रित शिक्षण विधियों पर प्रकाश डाला।

प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए भाषा शिक्षण को अधिक रुचिकर, प्रभावी एवं उपयोगी बनाने पर जोर दिया। प्रशिक्षण में प्रशिक्षक के रुप में डा. अजीत धूसिया, डायट प्रवक्ता अरविंद कुमार यादव, राज्य संदर्भ समूह के संजय कुमार तिवारी, अरविंद पांडेय एवं राकेश कुमार कन्नौजिया उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post