बरसवां-करहां के अनंत ने फतह की कांग यात्से-2 चोटी

बरसवां-करहां के अनंत ने फतह की कांग यात्से-2 चोटी

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक अंतर्गत करहां क्षेत्र के बरसवा गांव निवासी एवं प्रयागराज से जुड़े युवा पर्वतारोही अनंत सिंह ने लद्दाख हिमालय की करीब 6,250 मीटर ऊंची कांग यात्से-2 चोटी पर सफलतापूर्वक आरोहण कर जिले का नाम रोशन किया है। दो अगस्त से शुरु हुए अभियान के तहत उन्होंने नौ अगस्त की सुबह 7:15 बजे शिखर पर तिरंगा फहराया। अभियान के दौरान अत्यधिक ठंड, कम ऑक्सीजन, तेज हवाओं, तकनीकी बर्फीले रास्तों और मौसम के बदलाव जैसी कठिन परिस्थितियों के बीच उन्होंने सुरक्षित रणनीति और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ लक्ष्य हासिल किया।

कांग यात्से-2 की सफलता के बाद अनंत का अगला लक्ष्य 7,077 मीटर ऊंचा माउंट कुन है। पिछली बार खराब मौसम के कारण उनका यह अभियान पूरा नहीं हो सका था। इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन के आधिकारिक पत्र के अनुसार उन्हें जर्मनी के 13 सदस्यीय पर्वतारोहण दल के साथ भारतीय संपर्क अधिकारी नियुक्त किया गया है। जर्मन पर्वतारोही स्टीफेन किफर के नेतृत्व में प्रस्तावित माउंट कुन ईस्ट रिज अभियान की स्वीकृत अवधि दो से 30 अगस्त तक है। नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग, उत्तरकाशी से प्रशिक्षित अनंत माउंटेनियरिंग इंस्ट्रक्टर, स्की माउंटेनियर और सर्च एंड रेस्क्यू प्रशिक्षक हैं तथा अब तक 12 से अधिक हिमालयी अभियानों का अनुभव रखते हैं।

स्की माउंटेनियरिंग में अनंत खेलो इंडिया विंटर गेम्स में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि हर पर्वत इंसान को अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और माउंट कुन उनकी अगली बड़ी चुनौती है। उनकी उपलब्धि पर पूर्व मंत्री यशवंत सिंह, भाजपा नेत्री पूनम सरोज, ब्लाक प्रमुख रानू सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रविभूषण प्रताप व आशीष चौधरी, समाजसेवी विक्की वर्मा सहित क्षेत्रीय लोगों ने बधाई देते हुए आगामी अभियान की सफलता की कामना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post