स्वदेश सिंह के प्रयास से देवलास स्थित महाराणा प्रताप स्थल को मिले करीब 75 लाख रुपए


स्वदेश सिंह के प्रयास से देवलास स्थित महाराणा प्रताप स्थल को मिले करीब 75 लाख रुपए

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। देवकली देवलास स्थित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप स्मारक स्थल के पर्यटन विकास का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए उत्तर प्रदेश शासन के पर्यटन अनुभाग की ओर से करीब 74.99 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति की कार्रवाई की गई है। प्रस्तावित कार्यों में बहुउद्देश्यीय यात्री भवन, शौचालय ब्लाक, पेयजल, पाथवे, बेंच, बोरिंग, स्ट्रीट लाइट तथा महाराणा प्रताप के जीवन, शौर्य और व्यक्तित्व को दर्शाने वाले भित्तिचित्र सहित अन्य पर्यटन सुविधाओं का विकास शामिल है।

इस विकास कार्य के लिए भदीड़ गांव निवासी एवं ग्रेटर नोएडा स्थित जीएनआईओटी व जिम्स संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह ने 10 जून को शासन को ज्ञापन देकर पहल की थी। शासन के पत्र के अनुसार विभागीय एजेंसी ने जीएसटी समेत परियोजना की लागत 73.91 लाख रुपये आंकी है। इसमें यात्री हाल के लिए 37.96 लाख, शौचालय ब्लाक के लिए 14.18 लाख, पेवर ब्लाक के लिए 1.95 लाख, बेंच के लिए 20 हजार, बोरिंग के लिए 2.25 लाख और स्ट्रीट लाइट के लिए 3.19 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। निर्माण कार्य ई-टेंडरिंग के जरिए कराने तथा गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

शासन ने कार्य प्रारंभ होने से पहले भूमि की वैधानिक उपलब्धता, तकनीकी स्वीकृति और आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही निर्माण की नियमित निगरानी, स्वीकृत धनराशि के निर्धारित मदों में उपयोग और कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। देवलास में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्मारक स्थल को नई पहचान मिलने के साथ क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विकास की इस पहल पर महाराणा प्रताप सिसोदिया संघ सहित क्षेत्रीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन और स्वदेश कुमार सिंह के प्रति आभार जताया है।



Post a Comment

Previous Post Next Post