नासिरपुर में लगे निशुल्क नेत्र जांच शिविर में 50 ग्रामीणों की हुई जांच
करहां, मऊ। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल के तहत रविवार को मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र की ग्रामसभा नासिरपुर में निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। ग्रामप्रधान नीलम मिश्रा एवं प्रधान प्रतिनिधि दिनेश मिश्रा बीनू की ओर से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच कराई।
आरएस हास्पिटल देवा के नेत्र चिकित्सक डा. राजेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में सहायक निखिल एवं अखिलेश ने करीब 50 ग्रामीणों का नेत्र परीक्षण किया। जांच के दौरान जरूरत के अनुसार मरीजों को निशुल्क दवाएं दी गईं। चश्मे की आवश्यकता वाले मरीजों को चश्मा भी उपलब्ध कराया गया। वहीं ऐसे मरीज जिनमें आपरेशन की जरूरत पाई गई, उनके लिए तिथि निर्धारित कर आगे उपचार व आपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
शिविर में ज्ञानती देवी, सप्पू राम, सत्यनारायण, दिनेश राम, वंशी, शारदा देवी, तहसीलदार, वीरेंद्र नाथ मिश्र, मुसाफिर यादव, बाले राम, उषा देवी समेत लगभग 50 ग्रामीणों ने नेत्र जांच का लाभ लिया। इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि दिनेश मिश्रा बीनू ने कहा कि ग्रामसभा के विकास कार्यों के साथ ग्रामीणों के स्वास्थ्य की चिंता करना भी उनकी प्राथमिकता है। इसी क्रम में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अलग-अलग रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। शिविर से लाभान्वित ग्रामीणों ने आयोजन के लिए प्रधान परिवार एवं चिकित्सकों के प्रति आभार जताया।




Post a Comment