समरसता से ही होगा समाज का उत्थान : पूनम सरोज

समरसता से ही होगा समाज का उत्थान : पूनम सरोज

•समरसता संकल्प कलश वंदन यात्रा में उमड़े लोग

•बाइक शोभायात्रा निकाल 5 रविदास मंदिरों में हुआ पूजन-अर्चन

करहां (मऊ) : भाजपा मंडल करहा की ओर से शुक्रवार को संत शिरोमणि गुरु रविदासजी के 650वें प्रकाश पर्व वर्ष के उपलक्ष में समरसता संकल्प अभियान कलश वंदन यात्रा निकाली गई। मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में यात्रा सुरहुरपुर से शुरु होकर देवरिया अंबेडकर पार्क, सद्धोपुर गुरु रविदास मंदिर, चकजाफरी अंबेडकर पार्क होते हुए करहां स्थित संत रविदास मंदिर पहुंची, जहां पूजन-अर्चन पुजारियों के सम्मान के साथ कार्यक्रम का विश्राम हुआ। डीजे व ढोल-नगाड़ों की धुन पर करीब 200 बाइक सवार कार्यकर्ताओं ने यात्रा में भाग लिया तथा विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधानसभा की निवर्तमान प्रत्याशी पूनम सरोज ने कहा कि संत गुरु रविदास के समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के संदेश को अपनाकर ही आदर्श समाज का निर्माण किया जा सकता है। भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा कि महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है तथा समरसता ही राष्ट्र और समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। ब्लाक प्रमुख रानू सिंह ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रेरणास्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव की भावना को समाप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर इंद्रदेव भारती, रामसरन चौहान, छोटू प्रसाद, आशीष चौधरी, सुधीर सोनकर, त्रिभुवन प्रसाद, इंद्रपाल राम, ओमकार सिंह, चंद्रकांत तिवारी, रितिक सिंह, अंकित सरोज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।



Post a Comment

Previous Post Next Post