किसानों से गेहूं-धान खरीदकर भुगतान किए बिना फरार, 11 पर केस
करहां (मऊ) : किसानों से उधार में गेहूं और धान खरीदने के बाद भुगतान किए बिना फरार होने के आरोप में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कार्रवाई सद्धोपुर निवासी किसान मान बहादुर सिंह की तहरीर पर हुई। पुलिस तहरीर के आधार पर शुक्रवार को 11 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
तहरीर के मुताबिक देवरिया खुर्द निवासी प्रेमचंद जायसवाल, पंकज जायसवाल और पूजा जायसवाल घरोहिया चट्टी पर दुकान चलाकर किसानों से अनाज खरीदते थे। आरोप है कि वर्ष 2025-26 में उन्होंने मान बहादुर सिंह से 4.14 लाख रुपये का गेहूं उधार खरीदा। इसके अलावा क्षेत्र के कई अन्य किसानों से भी धान-गेहूं खरीदा गया था। किसानों द्वारा बकाया रकम मांगने पर आरोपित टालमटोल करते रहे। आरोप है कि 20 अप्रैल को आरोपित परिवार सहित फरार हो गए। मामले में रामप्रवेश, अजय, हरिद्वार, रतन, राहुल, रज्जन, गुलाबचंद और गोविंद समेत अन्य लोगों पर भी साजिश में सहयोग करने का आरोप लगाया गया है।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप
पीड़ित स्वजन की तहरीर के अनुसार 25 जुलाई की दोपहर करीब 2:45 बजे देवरिया खुर्द निवासी किशन गौड़ उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर घर से ले गया। स्वजन ने काफी तलाश की, लेकिन किशोरी का पता नहीं चल सका। पुलिस तहरीर के आधार पर शुक्रवार को आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके किशोरी की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है।
हरिकीर्तन से लौट रहे दो युवकों से मारपीट, दो नामजद
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के आरीपुर गांव निवासी मन्नू कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 29 जुलाई की सुबह हरिकीर्तन से लौटते समय रुक्कनपुर गांव के पास मनीष यादव उर्फ अवनीश यादव निवासी रुक्कनपुर और अजय सिंह निवासी सलेमपुर ने उन्हें और उनके साथी अंकित कुमार को रोककर जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट की। आरोप है कि दोनों आरोपितों ने लात-घूंसों व डंडे से पीटा, जिससे दोनों घायल हो गए। अंकित का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुरुवार को केस दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।




Post a Comment