ट्रक की टक्कर से घायल मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के करहां बाजार में शनिवार अपराह्न ट्रक की टक्कर से घायल मजदूर मनोज कुमार पुत्र मोतीलाल उम्र करीब 32 की इलाज के दौरान मौत हो गई। चक्रपानपुर स्थित पीजीआई हास्पिटल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के माहपुर निवासी मनोज कुमार गिट्टी-बालू उतारने का काम करता था। शनिवार को वह बाजार से पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते समय विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उसे बगल से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। स्वजन उसे चक्रपानपुर स्थित पीजीआई हास्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मनोज चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से पत्नी विधवा हो गई और चार छोटी बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। पति की मौत की सूचना पर पत्नी और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से परिवार सहित गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ट्रक चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।




Post a Comment