विद्युत फाल्ट से ब्लाक परिसर में कार्य प्रभावित
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड में मंगलवार अपराह्न करीब 2 बजे विद्युत फाल्ट के कारण आपूर्ति ठप हो गई। बुधवार अपराह्न 2 बजे विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर खराब केबल बदलकर नई केबल लगाई, जिसके बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। बिजली बाधित रहने से विकास खंड कार्यालय में मनरेगा सेल, बीडीओ व एडीओ कक्ष, तकनीकी सहायक, सहायक विकास अधिकारी पंचायत, आवास-पेंशन सहित अन्य कक्षों में कामकाज प्रभावित रहा। कंप्यूटर भी दोपहर तक संचालित नहीं हो सके।
बिजली न रहने से उमस और भीषण गर्मी में कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार सुबह करीब 11 बजे तक इनवर्टर से संचालित व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो गईं। खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि विद्युत खराबी के चलते कुछ समय तक कार्यालय के कार्य प्रभावित हुए, जबकि आवश्यक कार्य जनरेटर और इनवर्टर से कराए गए। विद्युत विभाग ने खराबी दूर कर आपूर्ति बहाल कर दी।



Post a Comment