समरसता संकल्प कलश वंदन यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
-सामाजिक समरसता से ही सशक्त समाज का होगा निर्माण : पूनम सरोज
-200 बाइक सवारों के साथ निकली यात्रा, पांच रविदास मंदिरों में पूजन और पुजारियों का हुआ सम्मान
करहां (मऊ)। संत शिरोमणि गुरु रविदासजी के 650वें प्रकाश पर्व वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मंडल करहा द्वारा शुक्रवार को समरसता संकल्प अभियान के तहत भव्य कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया गया।
मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकली यात्रा सुरहुरपुर से प्रारंभ होकर देवरिया स्थित अंबेडकर पार्क, सद्धोपुर के गुरु रविदास मंदिर, चकजाफरी अंबेडकर पार्क सहित विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए करहां स्थित संत रविदास मंदिर पहुंची। यहां विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया तथा मंदिरों के पुजारियों को सम्मानित कर कार्यक्रम का समापन हुआ।
डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच करीब 200 बाइक सवार कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा मार्ग में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, जिससे पूरे वातावरण में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।
मुख्य अतिथि एवं विधानसभा की निवर्तमान प्रत्याशी पूनम सरोज ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का प्रतीक है। उनके विचारों को आत्मसात कर ही एक समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा कि महापुरुषों की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना वर्तमान समय की आवश्यकता है तथा सामाजिक समरसता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है।
ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संत गुरु रविदास ने मानवता, समानता और सामाजिक सौहार्द का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है। उनके आदर्शों का अनुसरण कर जात-पात और भेदभाव जैसी कुरीतियों को समाप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में इंद्रदेव भारती, रामसरन चौहान, छोटू प्रसाद, आशीष चौधरी, अबुल फ़ैज़ खां, सुधीर सोनकर, त्रिभुवन प्रसाद, इंद्रपाल राम, ओमकार सिंह, चंद्रकांत तिवारी, रितिक सिंह, अंकित सरोज सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।









Post a Comment