कैलेंडर तिराहे पर डिवाइडर से टकराई सरकारी बस, बाल-बाल बचे यात्री
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे में शुक्रवार शाम कैलेंडर तिराहे के पास आजमगढ़ से मऊ जा रही सरकारी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, किसी यात्री के गंभीर रुप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में सवार एक युवक बार-बार उतरने की बात कर रहा था और उसके पिता उसे समझा रहे थे। इसी दौरान चालक का ध्यान कुछ ही समय के लिए पीछे जाने से बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाल के.के. वर्मा भी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। स्थिति सामान्य होने के बाद बस को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे में किसी के गंभीर रुप से घायल नहीं होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली।

Post a Comment