निपुण आकलन में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, राष्ट्रीय मूल्यांकन परीक्षा की तैयारियों पर हुआ मंथन
करहां (मऊ) : एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने शुक्रवार को शैक्षिक भ्रमण के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय सुरहरपुर एवं प्राथमिक विद्यालय नगरीपार का सहयोगात्मक अनुश्रवण किया। इस दौरान निपुण प्लस एप के माध्यम से विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का आकलन किया गया तथा आगामी राष्ट्रीय शैक्षिक मूल्यांकन परीक्षा की तैयारियों को लेकर शिक्षकों के साथ समीक्षा बैठक भी की गई।
प्राथमिक विद्यालय सुरहरपुर में कक्षा एक के पांच बच्चों का आकलन किया गया, जिसमें तीन बच्चे लक्ष्य के करीब मिले, जबकि आराध्या गुप्ता एवं हर्षिता गुप्ता शत-प्रतिशत दक्ष पाई गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रधानाध्यापक शशिभूषण राय के मार्गदर्शन में कक्षाध्यापिका जिया तबस्सुम की सराहना की गई। वहीं प्राथमिक विद्यालय नगरीपार में कक्षा पांच के विद्यार्थियों के मूल्यांकन में औसतन 81.7 प्रतिशत दक्षता दर्ज की गई। बेहतर परिणाम पर राज्य पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापक स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में कक्षाध्यापिका ट्विंकल की प्रशंसा की गई।
निरीक्षण के दौरान सुरहरपुर में 153 के सापेक्ष 135 तथा नगरीपार में 202 के सापेक्ष 171 विद्यार्थी उपस्थित मिले। इसके बाद दोनों विद्यालयों में आयोजित बैठक में डायट प्राचार्य एवं उप शिक्षा निदेशक मऊ अतुल कुमार तिवारी के निर्देशानुसार दिसंबर 2027 में संभावित राष्ट्रीय शैक्षिक मूल्यांकन परीक्षा की तैयारियों, विद्यार्थियों की अधिगम क्षमता बढ़ाने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में दोनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।


Post a Comment