Top News

करहां में मना यूनियन बैंक का 37वां संस्थापन समारोह

करहां में मना यूनियन बैंक का 37वां संस्थापन समारोह

करहां, मऊ। स्थानीय बाजार स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा का 37वां संस्थापन समारोह मंगलवार की शाम को बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान बैंक परिसर में केक काटा गया और शाखा के ऐतिहासिक सफर को याद करते हुए ग्राहकों के साथ खुशियां बांटी गईं। इस मौके पर बैंक स्टाफ के साथ-साथ क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और सम्मानित ग्राहक उपस्थित रहे।

समारोह के मुख्य अतिथि एवं बैंक के वरिष्ठ ग्राहक रामनवल शर्मा ने केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 1989 में इस पिछड़े ग्रामीण क्षेत्र में शाखा की स्थापना होने से स्थानीय निवासियों को बैंकिंग सुविधाओं का सीधा लाभ मिला है। बैंक के कारण लोगों को अपने आर्थिक लेनदेन में अभूतपूर्व सहूलियत हुई और क्षेत्र के वित्तीय विकास को नई गति मिली है।

शाखा प्रबंधक मनोज कुमार ने सभी आगतों का स्वागत करते हुए ग्राहकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बैंक अपने ग्राहकों को और अधिक बेहतर व आधुनिक सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। करहां में 37 वर्ष पूरे होने पर ग्राहकों को बधाई देते हुए उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के निरंतर सहयोग की उम्मीद जताई। इस अवसर पर पंकज कुमार, बृजेश यादव, प्रतीक सिंह, शिवम कुमार, रामअवध, रमेश कुमार, रवि चौरसिया, एखलाक अहमद और दीपक चौरसिया सहित कई लोग मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post