चांदपट्टी ने मेघई को मात देकर कबड्डी ट्राफी पर जमाया कब्जा
करहां। करहां परिक्षेत्र के कमालपुर पहाड़पुर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार भोर में खेला गया जो बेहद रोमांचक रहा। एवन मोबाइल क्लब चांदपट्टी, आजमगढ़ की टीम ने जेएमडी मेघई, आजमगढ़ को 17-14 के अंतर से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता व उपविजेता टीम को मुख्य अतिथि समाजसेवी महेंद्र यादव ने ट्राफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी विक्की वर्मा ने किया था।
प्रतियोगिता में कुल 29 टीमों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन मुकाबले में अलीपुर ने शेरपुर कुटी को हराकर जीत से आगाज किया। इसके बाद मालव, चकजाफरी, डीसी क्लब हिंडोला, नेहरु क्लब देवसीपुर, शमशाबाद, कमालपुर और देवरिया फाइटर समेत कई टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मंगलवार शाम से रातभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम और खेल कौशल का परिचय दिया। तीसरे स्थान पर विशाल मेडिकल क्लब लग्गूपुर की टीम रही।
समापन अवसर पर देवसीपुर ग्राम पंचायत प्रधान वीरेंद्र राजभर, ओटनी के प्रमोद यादव, कमालपुर पहाड़पुर की ग्राम प्रधान देवंती देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता देखने के लिए रातभर बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ जुटी रही और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


Post a Comment