सौसरवां-कमालुद्दीनपुर में 82वीं वर्ष की रामलीला की तैयारियों को लेकर हुआ मंथन
•15 अक्टूबर से शुरु होगी नौ दिवसीय रामलीला, 23 को होगी संपन्न
•आयोजन को भव्य व व्यवस्थित बनाने के लिए ग्रामीणों ने लिया सहयोग का संकल्प
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अंतर्गत श्रीरामलीला समिति सौसरवां-कमालुद्दीनपुर की 82वीं रामलीला के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार शाम रामजानकी मंदिर परिसर में हुई बैठक में आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए लीला मंचन की तिथियां और कार्यक्रम निर्धारित किए गए। समिति के वरिष्ठ मार्गदर्शक एवं निर्देशक श्रीधर पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में अध्यक्ष बृजबिहारी सिंह, महामंत्री अशोक पांडेय समेत ग्रामीणों व क्षेत्रीय लोगों ने रामलीला को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग का संकल्प लिया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 अक्टूबर को मुकुट पूजन के साथ रामलीला का शुभारंभ होगा। 16 को नारद मोह, 17 को रावण अत्याचार एवं श्रीराम जन्म, 18 को ताड़का-सुबाहु वध, मारीच वध और धनुष यज्ञ तथा 19 अक्टूबर को दशरथ प्रतिज्ञा एवं श्रीराम वनगमन की लीला होगी। 20 अक्टूबर को खर-दूषण वध और सीता हरण, जबकि 21 अक्टूबर को शबरी भक्ति, राम-सुग्रीव मित्रता, बालि वध और लंका दहन का मंचन किया जाएगा।
22 अक्टूबर को मेला एवं दिन की लीला में अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, मेघनाद वध तथा रावण वध का मंचन होगा। 23 अक्टूबर की रात्रि श्रीराम की राजगद्दी और नाटक मंचन के साथ नौ दिवसीय आयोजन का समापन किया जाएगा। बैठक में अरुण पांडेय, लालचंद प्रजापति, रविंद्र सिंह, ग्राम प्रधान हिंदराज कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य धनंजय सिंह, नागेंद्र सिंह, राहुल सिंह, भूपेंद्र कुमार पांडेय, छविनाथ प्रजापति, कृपाशंकर पांडेय आदि मौजूद रहे।



Post a Comment