Top News

सीडीओ ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से जानी उनकी समस्याएं

सीडीओ ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से जानी उनकी समस्याएं

करहां (मऊ) : जिले के मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को मुहम्मदाबाद गोहना स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रह रहे वृद्धजनों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, भोजन, रहन-सहन और रोजमर्रा की सुविधाओं की जानकारी ली। बुजुर्गों ने भी अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं से उन्हें अवगत कराया, जिस पर सीडीओ ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वृद्धजनों के बीच फल वितरित किए गए। महिला वृद्धजनों के हॉल में मनोरंजन के लिए टेलीविजन भी लगवाया गया ताकि वे खाली समय में विभिन्न कार्यक्रम देखकर समय व्यतीत कर सकें। सीडीओ ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बुजुर्गों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी तरह की कमी न रहने देने पर जोर दिया।

सीडीओ ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा, सम्मान और देखभाल सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों को वृद्धजनों के साथ संवेदनशीलता और अपनत्व के साथ व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही आश्रम में स्वच्छता, स्वास्थ्य और अन्य जरुरी सुविधाओं पर निरंतर ध्यान देने को कहा। इस दौरान वहां के प्रबंधक लछिराम प्रसाद, बीडीओ अरुण कुमार वर्मा, व्यवसायी शैलेंद्र मिश्र, कीर्तिमान पंकज सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post