गांधी के विचारों से प्रेरित हुईं किशोरियां, सामाजिक बदलाव का लिया संकल्प
करहां (मऊ) : गांधी जयंती के अवसर पर साथी उत्तर प्रदेश के सहयोग से सर्वोदय ग्रामोद्योग सेवा संस्थान द्वारा संचालित स्कोप परियोजना के तहत बड़रांव विकासखंड की ग्राम पंचायत भीरा, भिखारीपुर और सराय शादी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में गठित किशोरी संगठनों की बालिकाओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की और महात्मा गांधी के जीवन, संघर्ष तथा उनके विचारों पर संवाद किया।
किशोरियों को सत्य, अहिंसा, समानता, स्वच्छता, सादगी और आत्मनिर्भरता जैसे गांधीवादी मूल्यों से परिचित कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि गांधी के विचार समय की सीमाओं से परे हैं। इन्हें जीवन में उतारकर सामाजिक भेदभाव, हिंसा और कुरीतियों के विरुद्ध सकारात्मक परिवर्तन की राह बनाई जा सकती है। बालिकाओं को शिक्षा के प्रति सजग रहने, अधिकारों की जानकारी हासिल करने और आत्मविश्वास के साथ समाज में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
संस्था की सीआरपी रिंकू चौहान, आशा देवी और अनीता ने गांधीजी के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा किए। संस्था प्रमुख एवं परियोजना समन्वयक एसके पांडेय ने कहा कि सत्य, अहिंसा, सहयोग और समानता केवल विचार नहीं, बल्कि जीवन जीने की दिशा हैं। उन्होंने किशोरी संगठनों को सशक्त बनाकर बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में किशोरियों ने स्वच्छता, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और समान अधिकारों के लिए जागरूकता फैलाने तथा गांधीजी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।




Post a Comment