संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरु, रैली निकालकर किया जागरुक
करहां (मऊ) : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना पर बुधवार को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. फैयाज अहमद के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. संतोष यादव एवं डॉ. सारिक आनंद कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। यह अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा। वहीं 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान के तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों के लक्षण, बचाव एवं उपचार के प्रति जागरूक करेंगी। अभियान के दौरान डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, कालाजार, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार (जापानी इंसेफेलाइटिस) तथा इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
डॉ. संतोष यादव ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय स्वच्छता है। लोगों को अपने आसपास जलभराव नहीं होने देना चाहिए और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह ले। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों तथा कुपोषित बच्चों को चिह्नित कर उनकी जानकारी ई-कवच पोर्टल पर अपलोड की जाएगी, जिससे जरूरतमंद लोगों को समय से उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर भाजपा नेता छोटू प्रसाद, रामशरण चौहान, फार्मासिस्ट सरोज, राजेंद्र भारती, प्रीबुद्ध कुमार, हंसराज यादव एवं रितेश कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और आशा कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।


Post a Comment