प्राकृतिक व सुरक्षित दीपावली के संदेश हेतु पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित
करहां (मऊ) : दीपावली के पावन पर्व को प्राकृतिक, पर्यावरण अनुकूल एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से राजकुमारी विद्यावती शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित एपीबीपी स्मृति बालिका इंटर कॉलेज, सुरहुरपुर में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में छह श्रेष्ठ पोस्टरों का चयन कर प्रधानाचार्या रेणुलता पाठक को भेंट किया गया। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर संस्थान के प्रबंधक अशीत कुमार पाठक एडवोकेट ने कहा कि दीपावली खुशियों, प्रकाश और आपसी सद्भाव का पर्व है। हमें इस त्योहार को प्रदूषण मुक्त और सुरक्षित तरीके से मनाने का संकल्प लेना चाहिए। प्राकृतिक दीपों का प्रयोग कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए। साथ ही पटाखों से होने वाले प्रदूषण और दुर्घटनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने श्रेष्ठ पोस्टरों के निर्माता विद्यार्थियों सृष्टि विश्वकर्मा, दीक्षा चौहान, नंदिनी चौहान, अदिति त्रिपाठी, आदर्श श्रीवास्तव एवं अभिषेक कुमार की रचनात्मक सोच और कलाकारी की सराहना की। इस अवसर पर धर्मदेव यादव, चंदन उपाध्याय, रामसमुझ यादव, शैलेश राय, अखिलेश यादव, अभिषेक यादव, साक्षी पाठक, विशाल गुप्ता सहित दर्जनों शिक्षक एवं सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Post a Comment