भीषण गर्मी व उमस से अधिवक्ता व वादकारी बेहाल
बार एसोसिएशन मऊ के महामंत्री रितेश कुमार श्रीवास्तव ने डीएम से की मुलाकात
न्यायालयों में समय निर्धारण, पेयजल और ठंडी व्यवस्था की उठाई मांग
मऊ। मऊ जिले में पड़ रही भीषण गर्मी, उमस और लू के कारण न्यायालय परिसर में वादकारी और अधिवक्ता दोनों ही बेहद परेशान हैं। इसी को लेकर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मऊ के महामंत्री रितेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र से मुलाकात की और न्यायिक व्यवस्था में आवश्यक सुधार की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
महामंत्री रितेश श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान मौसम में तापमान अत्यधिक बढ़ चुका है, जिससे न्यायालय में उपस्थित रहने वाले अधिवक्ताओं, वादकारियों और कर्मचारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी, पसीना और भीड़भाड़ के बीच न्यायिक कार्यवाही में भाग लेना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के महामंत्री रितेश कुमार श्रीवास्तव ने न्यायालयों के समय निर्धारण की मांग की। उन्होंने हर कार्य दिवस पर न्यायालय की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक सीमित किए जाने तथा बीच में 30 मिनट का लंच ब्रेक सुनिश्चित किए जाने की मांग की जिससे भीषण गर्मी में कार्यों का संचालन सुचारू रूप से हो सके। वहीं हर न्यायालय में पंखा, कूलर या एयर कंडीशनिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि अधिवक्ताओं और वादकारियों को राहत मिल सके। साथ ही विशेष रूप से प्रत्येक न्यायालय में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे वादकारियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। इसके अलावा न्यायालय परिसर में लगने वाली अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने हेतु प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर समुचित प्रबंध किए जाने की मांग की।
रितेश श्रीवास्तव ने कहा कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं हुई तो बार एसोसिएशन को आंदोलनात्मक रुख अपनाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। डीएम प्रवीण मिश्र ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। यह कदम न केवल न्यायिक व्यवस्था को सुचारू बनाने की दिशा में है, बल्कि वादकारियों और अधिवक्ताओं की गरिमा और सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Post a Comment