Top News

सौभाग्य से मिलता है भजन व सत्संग : अम्बरीष मणि शास्त्री

सौभाग्य से मिलता है भजन व सत्संग : अम्बरीष मणि शास्त्री

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के भतड़ी में शुरु हुई मूर्ति स्थापना महायज्ञ के पहले दिन अयोध्या से पधारे कथाव्यास अम्बरीष मणि शास्त्री जी महाराज ने भजन व सत्संग की महिमा बताई। कहा कि जब हमारे जन्म-जन्मांतर, कल्प कल्प कल्पांतर, युग युगांतर के पुण्य फल उदित होते हैं, तब हमें भजन व सत्संग का सौभाग्य प्राप्त होता है। इसलिए आप सभी ग्राम, क्षेत्रवासी बहुत सौभाग्यशाली हैं। आपके ऊपर देवताओं और पूर्वजों का विशेष अनुग्रह हुआ है कि आपके नगर-गांव में यज्ञ और कथा का आयोजन हो रहा है।

कथा विस्तार के क्रम में उन्होंने उपस्थित श्रद्धालु भक्तों को बताया कि भगवान का भजन करने से जब हमारी अंतरात्मा प्रसन्न हो जाये तो समझ लेना चाहिए कि हमारे ऊपर भगवान प्रभु श्रीराम की कृपा साक्षात हो गई है। क्योंकि जब तक भगवान राम की कृपा नहीं होगी, तब तक हमें भगवान की कथा नहीं मिल सकती। इसलिए अगर हमको प्रभु के चरणों में अपने हृदय, मन व चित्त को लगाना है तो हमें भजन करना पड़ेगा। भगवान की कथा सुनने से दुष्ट से दुष्ट व्यक्ति सुधर जाते हैं और संत के सानिध्य में रहकर के जीव का परमात्मा से मिलन हो जाता है। इसलिए आप सभी लोग अगर परमात्मा से मिलना चाहते हैं तो आप सभी को रामकथा का आश्रय लेना पड़ेगा।

इस अवसर पर विजय दास, दिवाकर यादव, जूठन त्रिपाठी, सुधाकर यादव, सुनीता देवी, पतिराज यादव, रामनरेश, अभिषेक कुमार, अनिता देवी, सुरेंद्र यादव, विजय बहादुर सिंह, अजय यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालुभक्त श्रोतागण मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post