किसान के बेटे ने क्वालीफाई किया नीट, मिल रही बधाईयाँ
करहां (मऊ) : कहा जाता है कि एक पढ़ी-लिखी महिला दो परिवारों को संवारने का काम करती है। इस बात को चरितार्थ करते हुए मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक स्थित माहपुर गांव निवासी एक सामान्य से किसान के बेटे अम्मार खां ने नीट परीक्षा 2025 में 548 प्राप्तांक के साथ सफलता प्राप्त की है। इसका सारा श्रेय उसने अपनी शिक्षित मां व पेशे से प्राथमिक विद्यालय सौसरवां में शिक्षिका शगुफ्ता याशमीन को दिया है। मां के मार्गनिर्देशन व प्रेरणा से जहां उसके बड़े भाई विदेश में इंजीनियर पद पर सेवाएं दे रहे हैं, वहीं बड़ी बहन एमएससी व बीएड करके नेट की तैयारी कर रही हैं। स्वयं उसने देश में 13,380 के रैंक से नीट परीक्षा उत्तीर्ण की है तो छोटा भाई भी डाक्टरी की तैयारी में लगा है। यह सब कुछ सामान्य से किसान व पारिवारिक रुप से बीड़ी व्यवसाय से जुड़े आज़म खान के परिवार में इसलिए संभव हो पाया है क्योंकि उनके परिवार में एक पीढ़ी-लिखी महिला का आगमन हुआ। इस सफलता पर जहां क्षेत्र के लोग बधाई दे रहे हैं, वहीं ग्रामीणों ने उनके घर पहुंचकर फूल-माला पहनाकर मिठाई खिलाते हुए मुबारकबाद दिया।
अम्मार खां ने बताया कि इसका सारा श्रेय मां के मार्गनिर्देशन व पिता के सहयोग को जाता है। चौथे प्रयास में मुझे यह सफलता मिली है। कई बार असफल होने के बाद जब मैं टूट गया था तब भी मां ने सहारा दिया और कहा कि तुम्हारा काम पढ़ना है, परिणाम की चिंता करना नहीं। उसका परिणाम है कि आज मैं अच्छे अंको से क्वालीफाई कर पाया हूं। पढ़ लिखकर गरीबों को चिकित्सकीय क्षेत्र में सहयोग करूंगा।
बधाई देने वालों में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रवि पासी, पूर्व ग्रामप्रधान गुड्डू खां, प्रसिद्ध चिकित्सक डाक्टर कुंवर अनुराग सिंह, असलम खां, ग्रामप्रधान जगदीश चौहान, आरिफ खां, डाक्टर राजेश यादव, आकिब सद्दाम खां, श्यामबिहारी जायसवाल, राजू खां, नोमान खां, अंजर खां आदि प्रमुख रहे।


Post a Comment