Top News

नहीं रहे डीसीएसके पीजी कालेज के प्रथम अध्यक्ष प्रहलाद सिंह

नहीं रहे डीसीएसके पीजी कालेज के प्रथम अध्यक्ष प्रहलाद सिंह

करहां (मऊ) : जिला मुख्यालय स्थित प्रतिष्ठित डीसीएसके पीजी कालेज के प्रथम अध्यक्ष घोसी थानांतर्गत धवरियासाथ के सम्मानित नागरिक व सिसोदिया संघ के संरक्षक प्रहलाद सिंह नहीं रहे। उनका बुधवार दोपहर हृदयगति रुक जाने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना पर पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गयी और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग उनके पैतृक निवास पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार पूर्वाह्न गाधिपुरी जनता घाट गंगा तट गाज़ीपुर में किया गया। उनके इकलौते पुत्र अभय सिंह ने नम आंखों से मुखाग्नि दी। इस अवसर पर सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बता दें कि जिले के प्रख्यात भट्टा संचालकों में शुमार रहे प्रहलाद सिंह छात्र जीवन से ही नेतृत्व के गुणों से भरे रहे। इसका कारण है कि उन्हें छात्रों ने डीसीएसके पीजी कालेज का पहला अध्यक्ष चुना। लोकदल के प्रदेश महासचिव व प्रख्यात किसान नेता देवप्रकाश राय व घोसी विधायक सुधाकर सिंह उनके प्रमुख सहयोगी व सहपाठी रहे। तीन दशक पहले सिकठिया धाम के ब्रह्मलीन संत दरबारी दास के संपर्क में आने के बाद वे वैरागी हो गए और वर्तमान में वानप्रस्थ जीवन व्यतीत कर रहे थे।

प्रहलाद सिंह अपने पीछे इकलौते पुत्र अभय सिंह, तीन पुत्रियों और अन्य भतीजे-भतिजियों का भरापूरा परिवार छोड़ गये हैं। उनके अंतिम दर्शन को पहुंचने वाले प्रमुख लोंगों में विधायक सुधाकर सिंह, किसान नेता देवप्रकाश राय, भाजपा नेता अशोक सिंह व गनेश सिंह, सिसोदिया संघ के अध्यक्ष आरपी सिंह, स्तनातक एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के विधानसभा प्रतिनिधि राघवेंद्र सिंह माखन, प्रख्यात गायक बलवंत सिंह, विनोद सिंह, कैलाश पांडेय, कुंदन तिवारी सहित सैकड़ों लोग रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post