चाकू से जानलेवा हमला करने वाले के खिलाफ केस दर्ज
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के तिलसवां गांव में बुधवार की सुबह पंचायत के बाद एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ। युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। इस मामले में चाकूबाजी के आरोपी पर केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
दर्ज एफआईआर के अनुसार ग्रामवासी रोहित गोंड़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भतीजा गोलू उर्फ आकाश गोंड़, गांव के ही वंश बहादुर सिंह के दरवाजे पर पंचायत में शामिल होने गया था। पंचायत में उसका विवाद राहुल पुत्र नगीना गोंड़ से सुलझा लिया गया था। जब आकाश वापस अपने घर लौट रहा था, तभी राहुल का भाई सुलेमत गोंड़ ने जान से मारने की नीयत से उसके पेट में चाकू मार दिया और मौके से फरार हो गया।
प्राथमिकी में यह भी बताया गया कि हमला राहुल के इशारे पर किया गया। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। एफआईआर में रोहित गोंड़ ने उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 109 और 131 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।


Post a Comment